Loading...

काशी विश्वनाथ धाम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि हेतु होली उपहार लेकर निकली शोभायात्रा

Gargachary Times 23 February 2026, 19:19 52 views
Varanasi
काशी विश्वनाथ धाम से श्रीकृष्ण जन्मभूमि हेतु होली उपहार लेकर निकली शोभायात्रा
वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा विगत वर्ष प्रारम्भ किये गये आध्यात्मिक नवाचार की पावन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी रंगभरी एकादशी एवं होली महोत्सव के शुभ अवसर पर मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि में विराजमान भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार, पूजित प्रसाद एवं होली समर्पण सामग्री ससम्मान प्रेषित की जा रही है। यह आयोजन काशी और मथुरा के मध्य आध्यात्मिक समन्वय एवं सांस्कृतिक एकात्मता का दिव्य प्रतीक है। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री विश्वभूषण जी ने बताया कि काशी (भगवान शिव की नगरी) और मथुरा (भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली) के मध्य संबंध केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सनातन परंपरा की आत्मीय और आध्यात्मिक धारा से जुड़े हुए हैं। जिस प्रकार श्रीकृष्ण जन्मभूमि से प्रतिवर्ष बाबा विश्वनाथ के लिए गुलाल, प्रसाद तथा ब्रज की पारंपरिक होली की भव्य प्रस्तुति काशी धाम में पहुँचती है और भक्तों को आनंदित करती है, उसी भावना के अनुरूप काशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए होली पर्व की मंगल भेंट भेजी जा रही है। आज दिनांक 23 फरवरी 2026 को श्री विश्वेश्वर के पावन धाम से विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर भगवान श्री लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए प्रेषित किया गया। यह दिव्य उपहार दिनांक 24 फरवरी 2026 की प्रातः श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में श्रद्धापूर्वक पहुँचेगा। प्रेषित सामग्री में भगवान श्री लड्डू गोपाल के होली श्रृंगार हेतु विशेष वस्त्राभूषण, सुगंधित पुष्प, अबीर-गुलाल, पूजित प्रसाद, मिष्ठान एवं अन्य मांगलिक सामग्री सम्मिलित है। समस्त सामग्री को बाबा विश्वनाथ के सान्निध्य में विधिपूर्वक पूजित कर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भेजा गया है, जिससे होली के पावन पर्व पर मथुरा में काशी की आध्यात्मिक सहभागिता साकार हो सके। न्यास के अनुसार, यह आयोजन काशी (शिव) और मथुरा (कृष्ण) की आध्यात्मिक एकात्मता को सुदृढ़ करने का एक सार्थक प्रयास है। रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर शिव-शक्ति एवं राधा-कृष्ण के प्रेम, आनंद और उत्सव का यह संगम सम्पूर्ण भारतवर्ष के सनातन धर्मावलम्बियों के लिए एक प्रेरणादायी संदेश है। यह आयोजन दर्शाता है कि सनातन संस्कृति में विभिन्न तीर्थों के मध्य परस्पर सम्मान, सहभागिता और आध्यात्मिक सहयोग की परंपरा आज भी जीवंत है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान, मथुरा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक समन्वय से देशभर के श्रद्धालुओं को एकता, प्रेम और भक्ति का संदेश मिलता है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने समस्त भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस पावन आध्यात्मिक सेवा, होली महोत्सव एवं काशी-मथुरा की दिव्य परंपरा के इस अद्वितीय संगम में सहभागी बनें तथा सनातन धर्म की गौरवमयी परंपराओं को और अधिक सशक्त करें।
Follow Samachar24