Loading...

वृन्दावन में सजेगा अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का मंच, 27 फरवरी से होगा आध्यात्मिक संगम

Gargachary Times 24 February 2026, 18:34 53 views
Mathura
वृन्दावन में सजेगा अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का मंच, 27 फरवरी से होगा आध्यात्मिक संगम
​वृन्दावन। भगवान श्रीकृष्ण की पावन क्रीड़ा-स्थली वृन्दावन में आगामी 27 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक 'अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कुंभ मेला क्षेत्र स्थित देवराहा बाबा घाट पर आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय महोत्सव की औपचारिक घोषणा एक प्रेस वार्ता के माध्यम से की गई। ​एस.एम. योग रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य योग, आयुर्वेद और भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना है। संस्थान के प्रबंधक आचार्य डॉ. धर्मनाथ शास्त्री एवं सचिव डॉ. बालमुकुंद शास्त्री ने बताया कि इस समागम में भारत सहित विदेशों से भारी संख्या में योगाचार्य, शोधकर्ता और आध्यात्मिक गुरु शिरकत करेंगे। ​महोत्सव के प्रत्येक दिन को विशेष थीम पर आधारित किया गया है। ​प्रथम दिवस 'योग एवं अनुशासन' थीम के साथ भव्य उद्घाटन, शोध-पत्र प्रस्तुति और सायंकाल यमुना आरती होगी। द्वितीय दिवस 'भक्ति एवं उपचार' पर केंद्रित सत्रों के साथ आध्यात्मिक होली उत्सव और भक्ति संध्या मुख्य आकर्षण रहेंगे। तृतीय दिवस 'वैश्विक एकता' विषय पर व्याख्यान और सामूहिक ध्यान के साथ समापन होगा। ​आयोजकों ने बताया कि यमुना तट की पवित्रता और ब्रज की आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच यह महोत्सव योग को जीवनशैली के रूप में अपनाने का वैश्विक आह्वान है। इसके लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रेस वार्ता में वेणु गोपाल, डॉ. बालकृष्ण शास्त्री और राधा किनकरी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
Follow Samachar24