भारतीय मजदूर संघ का प्रदर्शन, आंगनवाड़ी, आशा, मनरेगा कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग
Gargachary Times
25 February 2026, 18:57
97 views
Firozabad
फिरोजाबाद में बुधवार को भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष प्रसून प्रताप सिंह के नेतृत्व में आंगनवाड़ी, आशा, मनरेगा, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों ने राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा गया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वर्षों से विभिन्न विभागों में कार्यरत होने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों जैसी सुविधाएं और सुरक्षा नहीं मिल पा रही है, जिससे आर्थिक और सामाजिक असुरक्षा बनी रहती है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में आंगनवाड़ी, आशा, मनरेगा, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी की श्रेणी में शामिल करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, आउटसोर्स कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये प्रतिमाह से कम न करने, नई पेंशन व्यवस्था (यूपीएस) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने और सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य सरकारी लाभ सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष प्रसून प्रताप सिंह ने बताया कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एकजुटता का प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंपने के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि वे कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे। इस दौरान भूपेन्द्र सिंह राना प्रदेश उपाध्यक्ष . बीएमएस जिला संगठन मंत्री . शिशुपाल तिवारी पूर्व जिला मंत्री . राधा शंखवार अध्यक्ष एम्पलाइज एसोसिएशन . प्रेम प्रकाश कुशबाह . इन्द्रपाल आशीष काकोरिया . स्वदेश राधव नितिन सक्सेना श्रीकांत पचौरी किरन . आदि . कर्मचारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।