राजा जनक व रानी सुनयना सँग जनकपुरी महोत्सव समित ने मिथिला महल के निर्माण के लिए शिवम पार्क में विधि विधान से किया भूमि पूजन
Gargachary Times
10 August 2025, 18:39
227 views
Agra
इस बार जनकपुरी महोत्सव के लिए कमला नगर के बी- ब्लॉक स्थित शिवम पार्क में जनक महल के स्थान पर मिथिला महल बनाया जा रहा है..
शिवम पार्क में रविवार को भूमि पूजन समारोह के दौरान उक्त जानकारी देते हुए मिथिला महल का निर्माण करने वाले अभिनंदन डेकोरेटर्स (पुरुषोत्तम टेंट हाउस) के स्वामी राहुल गोयल (जॉनी भाई) व सचिन गोयल (लल्लू भाई) पुत्र स्वर्गीय श्री अजय कुमार गोयल (अज्जू भाई) ने संयुक्त रूप से बताया कि आयरन स्ट्रक्चर पर 250 फुट लंबाई और 125 फुट ऊँचाई के साथ मुख्यमंच बेहद भव्य और चित्ताकर्षक बनाया जाएगा। केमिकल लगाकर इसको वॉटरप्रूफ करेंगे। प्रभु स्वरूपों को बारिश की बूँदें नहीं छू सकेंगी।
उन्होंने बताया कि विगत 15 दिनों से मिथिला महल के निर्माण में लगने वाली सामग्री को तैयार किया जा रहा है। कोलकाता के 70-80 कारीगर मिथिला महल को 35 दिन में पूर्ण आकार प्रदान करेंगे। महल में खिड़की और दरवाजों के साथ दोनों तरफ दरबारी स्वरूप उकेरा जाएगा। 1500 से 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। महल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गमलों और फब्बारों से सुसज्जित किया जाएगा। महल में राम भक्तों के प्रवेश के लिए दो आकर्षक सिंह द्वारा बनाए जाएंगे।
इस दौरान शिवम पार्क में मिथिला महल के लिए पंडित राकेश गुरु और पंडित जवाहर जी ने वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ विधि विधान से भूमि पूजन संपन्न करवाया। भूमि पूजन के बाद मिथिला महल के लिए पहली बल्ली भी भगवान राम के जयकारों के साथ गाढ़ी गई। राजा जनक राजेश अग्रवाल (रसोई रत्न) एवं रानी सुनयना श्रीमती अंजू अग्रवाल मुख्य यजमान की भूमिका में रहे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री पार्षद प्रदीप कुमार अग्रवाल एवं संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल ने किया।