रंगभरनी एकादशी पर ब्रज में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, सुरक्षा के अभेद्य घेरे में रहेगी कान्हा की नगरी
Gargachary Times
26 February 2026, 18:51
118 views
Mathura
वृंदावन। रंगभरनी एकादशी के पावन अवसर पर वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कान्हा की नगरी में उमड़ने वाले जनसैलाब को नियंत्रित करने और दर्शनार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरी तरह कमर कस ली है।
गुरुवार को एस पी सिटी राजीव कुमार ने अधीनस्थों के साथ बांके बिहारी मंदिर समेत प्रमुख देवालयों और परिक्रमा मार्ग का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को परखा गया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का प्राथमिक लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराना और व्यवस्था को चाक-चौबंद रखना है।
भीड़ पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए इस बार तकनीक का व्यापक सहारा लिया जा रहा है। प्रमुख चौराहों, मंदिरों और परिक्रमा मार्ग में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जाएगी। ऊंचे स्थानों पर वॉच टावर स्थापित किए गए हैं, जहाँ से पुलिस अधिकारी पूरी भीड़ की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश देने और किसी भी आपात स्थिति में सूचना साझा करने के लिए निरंतर अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है।
शहर को जाम की स्थिति से बचाने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए सादी वर्दी और वर्दीधारी महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। अधिकारी वर्ग ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इस निरीक्षण के दौरान सीओ सदर पीतमपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।