Loading...

दर्दनाक सड़क हादसा: छात्र की मौके पर मौत, पांच घायल

Gargachary Times 26 February 2026, 18:57 101 views
Mainpuri
थाना भोंगांव क्षेत्र के गांव द्वारिकापुर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक छात्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान आशीष कुमार (19 वर्ष) पुत्र नेपाल सिंह, निवासी ग्राम मलपुर थाना भोंगांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आशीष अपने साथियों विशाल कुमार (19 वर्ष) पुत्र कल्याण सिंह और विकास (18 वर्ष) पुत्र सुभाष सिंह के साथ मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान सामने से रॉन्ग साइड से आ रही एक कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डम्पर ने आशीष को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विशाल और विकास सड़क किनारे दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। कार सवारों घायल की पहचान विमल कुमार (28 वर्ष) पुत्र विजय सिंह, निवासी कुरावली थाना भोंगांव, विजय सिंह (53 वर्ष) पुत्र भुजवीर सिंह तथा शशिप्रभा (50 वर्ष) पत्नी विजय सिंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद डम्पर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जबकि कार घटनास्थल पर ही खड़ी रही। घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस और हाईवे टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार डम्पर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।ब्लॉक प्रमुख कश्मीर सिंह लोधी जी ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि छाछा तिराहा से फर्दपुर मार्ग पर रॉन्ग साइड चलने वाले सभी वाहनों पर थाना पुलिस सख्त कार्रवाई करते हुए चालान करे, ताकि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
Follow Samachar24