जर्मनी प्रवास में उप मुख्यमंत्री शकेशव प्रसाद मौर्य की उन्नत रेल तकनीक व रक्षा क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर सार्थक पहल
Gargachary Times
26 February 2026, 20:57
5 views
Internation
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को जर्मनी प्रवास के दौरान विभिन्न औद्योगिक एवं निवेश संबंधी कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने और तकनीकी सहयोग को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की।
उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी में RAILONE GmbH के सीईओ श्री निशांत मित्तल से भेंट कर उनके अत्याधुनिक विनिर्माण संयंत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्नत रेलवे ट्रैक प्रणालियों एवं कंक्रीट स्लीपर निर्माण की आधुनिक तकनीकों का अवलोकन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीव्र गति से विकसित हो रही रेल एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं में इस प्रकार की अत्याधुनिक तकनीकों का सहयोग अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। यह दौरा प्रदेश में आधुनिक अवसंरचना विकास एवं अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक साझेदारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश सरकार के मा. कैबिनेट मंत्री श्री सुनील कुमार शर्मा एवं प्रतिनिधिमण्डल के साथ जर्मनी के ऐतिहासिक Nuremberg Castle तथा संग्रहालय का भ्रमण किया। यह किला शक्ति, ऐतिहासिक महत्व एवं समृद्ध विरासत का प्रतीक है। यहां पूर्व में शाही सभाएं एवं साम्राज्यीय अधिवेशन आयोजित होते थे। समय के साथ इसके आसपास विकसित हुआ Nuremberg शहर आज एक प्रमुख व्यापारिक एवं वित्तीय केंद्र के रूप में स्थापित है।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने न्यूरेम्बर्ग में आयोजित डिफेंस इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव एवं भारतीय प्रवासी सम्मेलन को भी संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने उत्तर प्रदेश के बदलते आर्थिक परिदृश्य और उभरते विकास मॉडल पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश आज निवेश-अनुकूल नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था और वैश्विक प्रतिस्पर्धा से युक्त औद्योगिक ढांचे के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के निवेशक भारत की क्षमता और संभावनाओं को समझ रहे हैं और उसकी सराहना भी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में, वैश्विक निवेशकों के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में उभर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हम सभी को देशहित, विकास एवं मानवता के कल्याण के लिए मिलकर कार्य करना होगा। कहा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देना होगा।