वृन्दावन में सजेगा संतों का महाकुंभ: स्वामी वामदेव जी का शताब्दी महोत्सव आज से
Gargachary Times
27 February 2026, 18:37
454 views
Mathura
वृन्दावन। ब्रहालीन विरक्त शिरोमणि परमहंस स्वामी वामदेव जी महाराज के 'शताब्दी आनंद महोत्सव' का आगाज़ शनिवार, 28 फरवरी से श्रीधाम वृन्दावन में होने जा रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य आयोजन में देशभर के प्रतिष्ठित जगद्गुरु, महामण्डलेश्वर और हिंदू हृदय सम्राटों का महाकुंभ लगेगा।
आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मिलित होने की भी संभावना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता निर्मल पीठाधीश्वर श्रीमहन्त स्वामी ज्ञानदेव सिंह जी महाराज करेंगे और संचालन गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानन्द जी महाराज द्वारा किया जाएगा।
महामंडलेश्वर स्वामी अनंत देवगिरी महाराज ने बताया कि वे श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के मुख्य सूत्रधार और 'प्राण' थे। उन्होंने हिंदू समाज को संगठित करने के लिए 'अखिल भारतीय संत समिति' की स्थापना की थी। उनका जीवन गो-रक्षा, राष्ट्रप्रेम और सनातन धर्म की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
महोत्सव के दौरान केवल आध्यात्मिक चर्चा ही नहीं, बल्कि सेवा प्रकल्प भी चलाए जाएंगे। जिसमें मुख्य रूप से भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं उपकरण वितरण शिविर लगाया जाएगा। 'सनातन संस्कृति का संरक्षण' और 'हिंदू राष्ट्र' जैसे विषयों पर विद्वानों के बीच मंथन होगा। महोत्सव में 'शांकरभाष्याभिषेक' और 'सर्वदर्शन समन्वय' सहित कई ग्रंथों का विमोचन किया जाएगा।
मुख्य महोत्सव रंग भरनी एकादशी के पावन अवसर पर वृन्दावन धाम की परिक्रमा एवं नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया है। 2 मार्च को विशाल भण्डारे के साथ महोत्सव का समापन होगा। संयोजक स्वामी अनन्तदेव गिरि ने बताया कि भक्तों के आवास और भोजन की पूर्ण व्यवस्था स्वामी वामदेव ज्योतिर्मठ, चैतन्य विहार में की गई है। कार्यक्रम में स्वामी वेदानंद गिरि एवं उमेश कुमार के साथ-साथ अन्य भक्त भी उपस्थित रहे।