Loading...

डेढ़ सौ से अधिक ग्रामीण बच्चों को मिला समग्र विकास का स्वर्णिम अवसर

Gargachary Times 27 February 2026, 18:49 145 views
Agra
डेढ़ सौ से अधिक ग्रामीण बच्चों को मिला समग्र विकास का स्वर्णिम अवसर
आगरा। श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा द्वारा ग्वालियर रोड पर ग्राम ककुआ स्थित नगला इमली में समाजसेवी किसान विजय सिंह द्वारा ग्रामीण बच्चों और ग्राम वासियों के समग्र विकास व स्वास्थ्य के लिए समर्पित खेत की जमीन पर डॉ. प्रवीन गर्ग के आर्थिक सहयोग से निर्माणाधीन आश्रम 'द स्प्रिचुअल रिट्रीट' परिसर में महर्षि अरविंदो की सहयोगी श्री माँ के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में ग्रामीण बाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छोटे बच्चों को बैग, ड्राइंग बुक्स और रंग तथा बड़े बच्चों को पंचतंत्र और महापुरुषों की जीवनी से संबंधित प्रेरक कार्टून बुक्स वितरित की गईं। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के डेढ़ सौ से अधिक बच्चों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सहित समग्र विकास का स्वर्णिम अवसर मिला। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने बच्चों को महर्षि अरविंदो द्वारा रचित दुर्गा स्तोत्र का पाठ करवाया। उन्होंने बच्चों को समझाया कि मंत्रों को निरंतर पढ़ने से हमारे तन, मन और जीवन में शौर्य और ओजस्विता का सहज ही विकास होता है। इससे पूर्व 'आपका प्रयास आपका विकास' के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस ग्रामीण बाल शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विशिष्ट अतिथि विधायक-पत्नी श्रीमती अनीता कुशवाह और पुडुचेरी से पधारीं श्रीमती कीर्ति अधिकारी ने महर्षि अरविंदो और श्री माँ की तस्वीर पर माल्यार्पण और समक्ष दीप जलाकर किया। इस दौरान उनके साथ श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के अध्यक्ष आलोक कुलश्रेष्ठ, सचिव डॉ. सुनीता गर्ग, उपाध्यक्ष डॉ. योगिता शर्मा, विजय सिंह, सचिन गोयल, सुषमा अग्रवाल, कविता कुलश्रेष्ठ, पूजा भार्गव, जाग्रति अग्रवाल, डॉ. मोहित गुप्ता, बुशरा और पूजा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन युवा समाजसेवी सचिन गोयल ने किया। बच्चों की प्रतिभा को लगेंगे पंख इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के समग्र विकास की दृष्टि से श्री अरविंद सोसायटी द्वारा आयोजित यह शिविर सराहनीय पहल है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यहाँ स्प्रिचुअल रिट्रीट पूरी तरह तैयार हो जाने के बाद इस क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों को सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर अवसर मिलेंगे। उनकी प्रतिभा को पंख लगेंगे। यहाँ आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामवासियों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा।
Follow Samachar24