शॉर्ट सर्किट से नर्सिंग होम-गोदाम, गैराज में भीषण आग
Gargachary Times
28 February 2026, 18:58
128 views
Mainpuri
मैनपुरी: कोतवाली क्षेत्र के देवी रोड स्थित यादव मार्केट में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने एक ही बिल्डिंग में संचालित नर्सिंग होम, ई-रिक्शा गैरेज और चीनी के गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुएं का काला गुबार आसमान में छा गया और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह अचानक बिल्डिंग के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत संबंधित फर्म संचालकों को फोन कर सूचना दी। जब तक मालिक मौके पर पहुंचे और गोदाम खोला गया, तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा निचला फ्लोर जलने लगा।
जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में सौतियाना नगला ताल निवासी प्रीतम सिंह का एकता नर्सिंग होम, सैदपुर भगोली निवासी विवेक कुमार चौहान का ई-रिक्शा गैरेज और कटरा निवासी अंशु का चीनी स्टोर संचालित था। आगजनी में नर्सिंग होम में रखा फर्नीचर और उपकरण, गैरेज में खड़े कई ई-रिक्शा और चीनी के गोदाम में रखा स्टॉक जलकर राख हो गया।