ग्राम भेंड़ के पास सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल, जिला अस्पताल उरई रेफर
Gargachary Times
2 March 2026, 20:51
94 views
Jalaun
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भेंड़ गांव के पास सोमवार शाम 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब नरेंद्र (30 वर्ष), पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम विरगुवां बुजुर्ग, अपनी मोटरसाइकिल से भेंड़ से कोंच की ओर जा रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद नरेंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना एंबुलेंस सेवा को दी। मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से घायल नरेंद्र को समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोंच पहुंचाया गया।
स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।