अडींग के ऐतिहासिक टीले पर विशाल कुश्ती दंगल, शेरा और विक्रम की कुश्ती बराबरी पर
Gargachary Times
3 March 2026, 20:11
98 views
Mathura
गोवर्धन क्षेत्र के गांव अडींग के ऐतिहासिक टीले पर आज हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन किया गया। ग्रामीण परिवेश में आयोजित इस पारंपरिक दंगल को लेकर क्षेत्र में कई दिनों से उत्साह का माहौल बना हुआ था।
दंगल में 50 रुपये से लेकर 51 हजार रुपये तक की इनामी कुश्तियां कराई गईं। बड़ी इनामी राशि वाली कुश्तियां दर्शकों के आकर्षण का विशेष केंद्र रहीं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य प्रांतों से भी नामी पहलवानों ने दंगल में भाग लेकर अपने दांव-पेंच और ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियों और जयकारों से पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अंतिम और सबसे चर्चित कुश्ती भारत केसरी शेरा पहलवान और विक्रम पहलवान के बीच हुई, जो कड़े मुकाबले के बाद बराबरी पर छूटी। अडींग के पूर्व प्रधान मुनीश स्वरूप एडवोकेट उर्फ बंदर प्रधान ने अंतिम कुश्ती के दोनों पहलवानों को 11-11 हजार रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया।
आसपास के गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग दंगल देखने पहुंचे। ऐतिहासिक टीला दर्शकों से खचाखच भरा नजर आया और पूरे क्षेत्र में मेले जैसा दृश्य दिखाई दिया। स्थानीय ग्रामीणों और आयोजक समिति ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे। अडींग चौकी प्रभारी प्रदीप भदौरिया के नेतृत्व में पीएसी और पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की सतर्कता के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
दंगल के समापन पर विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार और सम्मान देकर प्रोत्साहित किया गया। आयोजकों ने सभी पहलवानों, अतिथियों, पुलिस प्रशासन और उपस्थित दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर रणवीर चौधरी, दिनेश त्रिपाठी, बंदर प्रधान, लाला पंडित, गब्बर सैनी, पूरन यादव, कन्हैया ठाकुर, अशोक पहलवान, बिजेंद्र पहलवान सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।