Loading...

समय पर वेतन और सम्मानजनक सुविधाओं की मांग, मजदूर यूनियन का प्रदर्शन

Gargachary Times 5 March 2026, 20:59 128 views
Mathura
समय पर वेतन और सम्मानजनक सुविधाओं की मांग, मजदूर यूनियन का प्रदर्शन
फरह। मथुरा रिफाइनरी के गेट नंबर-1 पर गुरुवार को संविदा श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। “संविदा श्रमिकों का आंदोलन” के बैनर तले एकत्र हुए मजदूरों ने ठेकेदारों पर आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है और कई बार निर्धारित मानक से कम भुगतान किया जाता है। धरने का नेतृत्व शिवदत्त चतुर्वेदी, ठाकुर किशोर सिंह, जीतू चौधरी, शंकर लाल और देवदत्त चौधरी ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में संविदा श्रमिक शामिल हुए और उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शनकारी श्रमिकों का कहना था कि रिफाइनरी परिसर में कार्य करने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। श्रमिकों ने विशेष रूप से खाने की व्यवस्था को अनुचित बताते हुए कहा कि काम के दौरान मिलने वाला भोजन गुणवत्तापूर्ण और पर्याप्त नहीं होता। धरना दे रहे श्रमिकों ने यह भी मांग उठाई कि पुलिस वेरिफिकेशन की अवधि एक वर्ष के बजाय तीन वर्ष की जानी चाहिए। उनका कहना है कि हर साल यह प्रक्रिया दोहराने से श्रमिकों को अनावश्यक परेशानी और खर्च का सामना करना पड़ता है। धरना प्रदर्शन के दौरान रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से श्रमिक प्रतिनिधियों को कार्यालय में बुलाकर वार्ता की। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनते हुए आश्वासन दिया कि उनकी शिकायतों की जांच कराकर समाधान का प्रयास किया जाएगा। साथ ही श्रमिकों की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया। बैठक के बाद यूनियन नेताओं ने बताया कि प्रबंधन द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया है। इसके आधार पर श्रमिकों से शांतिपूर्ण ढंग से धरना समाप्त करने की अपील की गई। मजदूर नेताओं ने कहा कि यदि समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई होती है तो श्रमिकों को राहत मिलेगी, अन्यथा भविष्य में आंदोलन को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा।
Follow Samachar24