भू-राजस्व बकायेदारों पर प्रशासन सख्त, पांच लोगों की करोड़ों की अचल संपत्ति जप्त
Gargachary Times
7 March 2026, 21:21
7 views
Agra
आगरा। भू-राजस्व बकाया वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बकाया राजस्व जमा न करने वाले पांच बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी अचल संपत्तियों को कुर्क कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद बकायेदारों में हड़कंप मच गया है।
आपको बता दें कि सदर तहसील प्रशासन ने लंबे समय से लाखों रुपये का भू-राजस्व बकाया रखने वाले पांच लोगों को कई बार नोटिस जारी किए थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बकाया राशि जमा नहीं की। इसके बाद एसडीएम सदर के निर्देश पर तहसील प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बकायेदारों की जमीन और संपत्तियों को कुर्क कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत संबंधित बकायेदारों की अचल संपत्तियों पर कब्जा कर लिया गया है और उनकी खरीद-फरोख्त तथा हस्तांतरण पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये में आंकी जा रही है।
तहसील प्रशासन का कहना है कि सरकार के निर्देश पर राजस्व वसूली अभियान को तेज किया गया है और जिन लोगों पर भू-राजस्व का बकाया है, उनके खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि बकायेदार जल्द से जल्द अपना बकाया राजस्व जमा नहीं करते हैं तो उनकी संपत्तियों की नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।