Loading...

कैसरबाग स्थित अमीरूद्दौला लाइब्रेरी में बनेगा मुंशी नवल किशोर म्यूजियम- मण्डलायुक्त

Gargachary Times 12 August 2025, 22:03 95 views
Lucknow
कैसरबाग स्थित अमीरूद्दौला लाइब्रेरी में बनेगा मुंशी नवल किशोर म्यूजियम- मण्डलायुक्त
मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने आज कैसरबाग स्थित अमीरूद्दौला लाइब्रेरी, बेगम हजरत महल पार्क व ग्लोब पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे। सर्वप्रथम उन्होंने कैसरबाग स्थित अमीरूद्दौला लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। कैसरबाग स्थित अमीरूद्दौला लाइब्रेरी ज्ञानवर्द्धक किताबों के साथ ऐतिहासिक विरासत को भी सहेजेगी। लाइब्रेरी में देश के सुप्रसिद्ध प्रकाशक मुंशी नवल किशोर के नाम से म्यूजियम बनाया जाएगा। म्यूजियम बनाने का ठेका लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा कराबी आर्ट संस्था को दिया गया है जो म्यूजियम डेवलप करेगा। मुंशी नवल किशोर ने वर्ष 1858 में प्रिन्टिंग प्रेस की स्थापना की थी। उन्होंने अपने जीवन काल में हिंदी, अरबी, बंगाली, उर्दू, मराठी, पंजाबी, अंग्रेजी व संस्कृत आदि भाषाओं में 05 हजार से अधिक पुस्तकों का प्रकाशन किया। इसके अलावा वहां साउंड स्केपिंग का भी काम किया जाएगा, जिससे आगंतुकों को अनूठा अहसास होगा। म्यूजियम में इंटरैक्टिव डिसप्ले यूनिट लगायी जाएगी, जिसके माध्यम से लोगों को ज्ञानवर्द्धक जानकारी परोसी जाएगी। म्यूजियम में स्कल्पचर्स, पुरानी प्रिन्टिंग मशीनें, पुराने रिकॉर्ड्स, परिधान समेत अन्य विन्टेज वस्तुएं सहेजी जाएंगी। निरीक्षण में मण्डलायुक्त ने पाया कि अब तक 75000 किताबों के 02 करोड़ पन्नों की स्कैनिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य व 01 लाख ई-कैटलॉग का कार्य पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने अमीरूद्दौला लाइब्रेरी के सेटअप को अंतरराष्ट्रीय मानकों पर अपग्रेड किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि लाइब्रेरी के इंट्री प्वाइंट को उच्चीकृत किया जाए, साथ ही लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए वहां स्कल्पचर्स लगवाए जाएं। मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने निर्देश दिये कि म्यूजियम को हेरिटेज लुक में डिजाइन किया जाए, जिससे कि लोग शहर की इस विरासत से जुड़ सकें। मण्डलायुक्त ने अमीरूद्दौला लाइब्रेरी से सटे राजा राम पार्क का भी निरीक्षण किया जिसे सीनियर सिटीजन पार्क के नाम से विकसित किया गया है। उन्होंने पार्क के कंजर्वेशन, लाइटिंग, बेंच, छतरी आदि कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की एवं निर्देशित किया कि अमीरूद्दौला लाइब्रेरी व राजा राम पार्क को जोड़ दिया जाए जिससे सीनियर सिटीजन पार्क का लुफ्त उठाने के साथ लाइब्रेरी एवं कैफेटेरिया एरिया का मजा भी ले सकें। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि बच्चों के सेक्शन को लाइब्रेरी के पीछे के हिस्से से आगे की तरफ शिफ्ट कर दिया जाए साथ ही म्यूजियम की सेपरेट एंट्री दी जाए। स्टेट सेंट्रल लाइब्रेरी के तर्ज पर अमीरूद्दौला लाइब्रेरी डेवलप करने के लिए मण्डलायुक्त ने शासन को प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण में उन्होंने पाया कि लाइब्रेरी हेतु फर्नीचर का आर्डर कर दिया गया है जो जल्द ही स्थापित करा दिया जाएगा। अमीरूद्दौला लाइब्रेरी के निरीक्षण में मण्डलायुक्त ने कंजर्वेशन के कार्यों को संतोषजनक पाया। इसके उपरांत मण्डलायुक्त डॉ0 रोशन जैकब ने बेगम हजरत महल पार्क एवं ग्लोब पार्क का निरीक्षण किया। दोनों ही पार्कों का हाल ही में लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। निरीक्षण के दौरान मण्डलायुक्त ने पाया कि सभी फव्वारे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं तथा जॉगिंग ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक, बल्लार्ड लाइट एवं ट्री फसाड लाइट सभी सही स्थिति में हैं। ग्लोब पार्क में निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पेड़ों की समयबद्ध कटाई-छंटाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि फव्वारों का पानी हमेशा स्वच्छ एवं पारदर्शी बना रहे। मण्डलायुक्त ने उपाध्यक्ष, लखनऊ विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि ग्लोब पार्क में किसी भी प्रकार की अनाधिकृत पार्किंग अथवा कब्जा न होने पाए। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि पार्क का सौंदर्य एवं आमजन की सुविधा प्रभावित न हो।
Follow Samachar24