मैनपुरी का लाल देश सेवा में कुर्बानः सूबेदार अविनाश यादव की शहादत, बेवर क्षेत्र में शोक की लहर
Gargachary Times
15 March 2026, 18:56
90 views
Mainpuri
सूबेदार अविनाश यादव देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हो गए हैं। दो दिन पहले उनकी शहादत की खबर मिलने के बाद से ही उनके पैतृक गांव अहमदपुर करूआमई और पूरे बेवर क्षेत्र में शोक की लहर है।
सूबेदार अविनाश यादव (43 वर्ष), जो श्री ग्रीश कुमार के पुत्र थे, की शहादत की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण और संबंधी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। गांव में सन्नाटा पसरा है और कई घरों में चूल्हे नहीं जले हैं।
पूरा क्षेत्र अपने जांबाज सपूत के अंतिम दर्शनों का इंतजार कर रहा है। जानकारी के अनुसार, शहीद का पार्थिव शरीर जल्द ही उनके पैतृक गांव पहुंचेगा। उनकी शहादत के सम्मान में बेवर से अहमदपुर करूआमई तक एक विशाल 'श्रद्धांजलि यात्रा' निकालने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों ने कहा है कि वे अपने शहीद भाई को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई देंगे।
सूबेदार अविनाश यादव के देशहित में दिए गए इस सर्वोच्च बलिदान पर समूचा जनपद उन्हें नमन कर रहा है। प्रशासन और पुलिस बल भी शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा हुआ है ताकि उन्हें राजकीय सम्मान के साथ विदाई दी जा सके।