मजदूरी मांगने पर दंपति से मारपीट का आरोप, एसएसपी से शिकायत
Gargachary Times
16 March 2026, 19:57
161 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र के गांव साडूपुर निवासी एक महिला ने मजदूरी मांगने पर अपने और पति के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता कंचन देवी पत्नी विजेंद्र सिंह ने शिकायती पत्र में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती है। आरोप है कि गांव रीठरा निवासी मनोज ठाकुर ने उसे पांच दिन तक अपने खेत में आलू बीनने के लिए लगाया था। जब उसने पांच दिन की मजदूरी के करीब दो हजार रुपये मांगे तो आरोपी ने पैसे देने से मना कर दिया और रात में खेत पर आने को कहा।
पीड़िता के अनुसार इस बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और डंडों से उसे और उसके पति को बेरहमी से पीट दिया। मारपीट में उसके पति के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि आरोपी ने जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी।
पीड़िता का कहना है कि घटना की शिकायत थाने में करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। ऐसे में उसने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।