हिन्दू नववर्ष मेला कल, नवसंवत्सर 2083 के स्वागत की तैयारियां पूर्ण
Gargachary Times
17 March 2026, 19:10
74 views
Mathura
मथुरा। नववर्ष मेला समिति के तत्वावधान में नवसंवतसर की पूर्व संघ्या पर विशाल नववर्ष मेला 18 मार्च बुधवार को दोपहर एक बजे से सेठ बी०एन० पोद्दार इण्टर कॉलेज के मैदान पर भूमि पूजन और हवन के साथ शुरू होगा। नववर्ष समारोह के लिए मेला स्थल को सजाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। समिति द्वारा नवसंवत्सर 2083 के स्वागत की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सांस्कृतिक संध्या में सायं 6:30 बजे आयोजित नववर्ष समारोह के मुख्य अतिथि शैलेष कुमार पाण्डेय पुलिस उप महानिरीक्षक आगरा जोन होंगे। मेला का मुख्य आकर्षण अन्तराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि, चित्रकार, गायक, प्रखर वक्ता एवं राष्ट्रप्रेमी कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य की अद्भुत मंचीय प्रस्तुति ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ होगा। महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया है कि मेला की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया है कि मेला स्थल पर सायं 4ः30 बजे से रंगोली, रूप सज्जा, सामूहिक एवं एकल नृत्य प्रतियोगिता होंगी। मेला रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में नववर्ष मेला समिति की स्मारिका ‘नव-प्रवाह’ का विमोचन भी किया जायेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार मंच पर रात्रि में दिया जायेगा। आज जूनियर और सीनियर वर्ग में कृष्ण चन्द गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सामान्य ज्ञान और निबंध प्रतियोगिताएं कराई गई, जिसमें सैंकड़ों बच्चों ने भाग लिया। नववर्ष मेला समिति ने ब्रजवासियों से नववर्ष समारोह में सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आग्रह किया है। मेला में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।