डीएवी इंटर कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
Gargachary Times
13 August 2025, 21:53
217 views
Bulandshahr
जिलाधिकारी श्रुति ने डीएवी इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-9 और कक्षा-10 में चल रही भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान की कक्षाओं का सत्यापन किया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बच्चे समान पुस्तक से अध्ययन करें।
निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त पाई गई, जिस पर प्रधानाचार्य को तुरंत समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि छात्रों को पढ़ाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, विद्यालय में शिक्षा संबंधी आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे समय पर लागू करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।