Loading...

नवरात्र व ईद को लेकर प्रशासन सतर्क, एसडीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक

Gargachary Times 17 March 2026, 19:18 86 views
Jalaun
नवरात्र व ईद को लेकर प्रशासन सतर्क, एसडीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक
जालौन के कोंच-कोतवाली परिसर में मंगलवार को एसडीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी नवरात्र महोत्सव और ईद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रहीं एसडीएम ज्योति सिंह ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नगर के प्रमुख मंदिरों—बड़ी माता मंदिर, सिंहवाहिनी मंदिर और काली माता मंदिर—पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विशेषकर महिलाओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही नगर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि जहां-जहां सीवर जाम या ओवरफ्लो की स्थिति है, उसे तत्काल ठीक कराया जाए, जिससे सड़कों पर गंदगी न फैले। बैठक में आवारा पशुओं की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। इस पर एसडीएम ने नगर पालिका को निर्देशित किया कि सड़कों पर घूम रहे आवारा जानवरों को पकड़वाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही नगर में नियमित साफ-सफाई कराई जाए और सड़कों के गड्ढों को शीघ्र भरवाया जाए। विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए कि नवरात्र के दौरान सुबह के समय निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में कोई बाधा न आए। वहीं ईद पर्व को लेकर भी सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश बहादुर सिंह, क्राइम इंस्पेक्टर अरुण कुमार, एसएसआई विमलेश कुमार, विद्युत जेई अमन पांडेय सहित कई अधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Follow Samachar24