नगर निगम बना “नर्क निगम”: प्रताप बाजार धोबी गली में उफनती नाली से लोग परेशान
Gargachary Times
19 March 2026, 19:17
423 views
Mathura
वृन्दावन: वृन्दावन नगर निगम के अंतर्गत आने वाले प्रताप बाजार की धोबी गली में स्थानीय लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। यहां पिछले 10-15 दिनों से नाली उफान मार रही है, जिससे क्षेत्र में गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है। इस कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। गंदगी और बदबू के कारण क्षेत्र में रहना दूभर हो गया है।
स्थिति और भी चिंताजनक इसलिए हो गई है क्योंकि नवरात्रि का पर्व शुरू हो चुका है। यह मार्ग 52 शक्ति पीठों में से एक कात्यायनी मंदिर जाने का मुख्य रास्ता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं को मजबूरी में गंदे नाले के पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे उनकी आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।