दन्नाहार क्षेत्र के कासगंज गांव में चोरी: दीवार काटकर लाखों के जेवरात और बर्तन ले उड़े चोर
Gargachary Times
20 March 2026, 19:53
86 views
Mainpuri
मैनपुरी: जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कासगंज में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान की पक्की दीवार में नकब (सुराख) लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना दन्नाहार की चौकी कीरतपुर के तहत आने वाले ग्राम कासगंज निवासी कश्मीर सिंह यादव के मकान में बीती रात चोरों ने पीछे की पक्की दीवार काटकर प्रवेश किया। पीड़ित कश्मीर सिंह, जो पेशे से ट्रक चालक हैं, रात करीब 8 बजे ही बाहर से लौटकर आए थे और परिवार सहित सो गए थे। कूलर चलने के कारण परिवार को दीवार टूटने की भनक तक नहीं लगी।
सुबह गेट बंद मिलने पर खुला राज
घटना का पता सुबह करीब 5 बजे चला जब परिवार के सदस्य सोकर उठे। घर की महिला सदस्य लता ने बताया कि जब उन्होंने अंदर का गेट खोलने की कोशिश की, तो वह बाहर से बंद था। जब दूसरे रास्ते से जाकर देखा गया, तो पीछे की दीवार टूटी हुई थी और कमरों में रखा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।
शादी के गहने और नकदी पर हाथ साफ
पीड़ित अनीता और बहू शिवानी के अनुसार, चोरों ने घर से भारी मात्रा में कीमती सामान चोरी किया है। गायब हुए सामान में:
एक सोने की जंजीर और पांच अंगूठियां,एक सीतारानी और कानों के कुंडल,चांदी की पायल और करधनी,घर के कीमती बर्तन और अन्य सामान
अनीता ने बताया कि करीब एक साल पहले (मई 2025) बेटे की शादी हुई थी, जिसके अधिकांश जेवरात चोर ले गए। पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और न ही उन्हें किसी पर शक है।
योगी सरकार से न्याय की गुहार
पीड़ित परिवार ने इस घटना से गहरे सदमे में है। बहू शिवानी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से न्याय की मांग करते हुए चोरों की जल्द गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की अपील की है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
वारदात की सूचना पर थाना दन्नाहार पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से उंगलियों के निशान और अन्य सुराग एकत्र किए हैं।