Loading...

डॉ. मोहन भागवत ने किया 'जीवन दीप आश्रम' का लोकार्पण; कहा- "जीवन की चुनौतियों से लड़ें, हारें नहीं"

Gargachary Times 24 March 2026, 20:51 73 views
Mathura
डॉ. मोहन भागवत ने किया 'जीवन दीप आश्रम' का लोकार्पण; कहा- "जीवन की चुनौतियों से लड़ें, हारें नहीं"
​वृंदावन। कान्हा की नगरी वृंदावन में आज आध्यात्म और समाज सेवा का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अवसर था महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज के 'जीवन दीप आश्रम' का भव्य लोकार्पण, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। ​समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन भागवत ने संघर्षपूर्ण जीवन में धैर्य और साहस का मंत्र दिया। उन्होंने कहा, "जीवन के थपेड़ों से लड़ना है, हारना नहीं।" डॉ. भागवत ने आश्रमों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे स्थान केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ये धर्म और संस्कारों के शिक्षण केंद्र हैं। ये व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से समृद्ध करने के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी ऊर्जावान और तेजस्वी बनाते हैं। ​वैश्विक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने मध्य-पूर्व के युद्धों पर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिशोध की भावना केवल विनाश लाती है, जबकि मानवता का कल्याण केवल शांति और सौहार्द के मार्ग पर चलने में ही निहित है। ​उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ब्रजभूमि की महिमा का बखान करते हुए कहा कि यहाँ की धूल भी चंदन के समान पवित्र है। उन्होंने जीवन दीप न्यास के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह आश्रम समाज के वंचित और अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। ​इस गरिमामयी अवसर पर देश की कई नामी राजनीतिक और आध्यात्मिक विभूतियाँ उपस्थित रहीं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, और पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी। जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि, जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ, साध्वी ऋतंभरा और महामंडलेश्वर स्वामी चिदंबरानंद सरस्वती। आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक दिनेश जी और यूपी के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण सहित कई संत-महात्मा। ​ ब्रज की पावन धरा पर सेवा और साधना का यह नया अध्याय समाज को नई दिशा देने की ओर एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
Follow Samachar24