त्योहारों को लेकर कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित
Gargachary Times
24 March 2026, 21:13
134 views
Bharatpur
आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए भरतपुर शहर में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एडीएम सिटी राहुल सैनी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भाग लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
एडीएम सिटी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सूचना तंत्र को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने यात्रा एवं जुलूस आयोजकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी प्रकार के आपत्तिजनक नारे या भाषण नहीं दिए जाएं तथा सभी कार्यक्रम विधिक प्रावधानों का पालन करते हुए निर्धारित रूट के अनुसार ही संपन्न कराए जाएं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारे बना रहें तथा मिलजुल कर पर्व एवं त्यौंहार मनाएं। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर किसी भी संभावित अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए रात्रिकालीन गश्त को बढ़ा दिया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध पाबंदी की कार्यवाही भी लगातार की जा रही है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि किसी भी यात्रा या जुलूस के आयोजन से पूर्व उसका रूट चार्ट अनिवार्य रूप से उपखण्ड अधिकारी एवं शहर पुलिस उप अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उपखण्ड मजिस्ट्रेट भरतपुर द्वारा यात्रा मार्ग के प्रमुख चौराहों पर आवश्यकता अनुसार पटवारी एवं भू-अभिलेख निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जिससे व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी बीईएसएल को निर्देशित किया गया कि यात्रा एवं रैली मार्गों पर आने वाले ढीले अथवा नीचे लटके बिजली के तारों को चिन्हित कर तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में आईएएस भानू शर्मा, उपखण्ड अधिकारी भरतपुर भारती गुप्ता, यातायात पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार, नगर निगम सचिव प्रताप सिंह, थाना अधिकारी कोतवाली रविन्द्र मीना, मथुरा गेट एवं अटलबंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।