100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान का हुआ शुभारंभ
Gargachary Times
24 March 2026, 21:13
68 views
Bharatpur
भरतपुर,: विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में 100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, यूपीएचसी तिलक नगर में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. बीएल मीणा तथा डीटीसीएम एचओ डॉ. अमित श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में राजस्थान सरकार द्वारा जिले को उपलब्ध कराई गई नई हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन का उद्घाटन किया गया। रेडियोग्राफर बलराम सैनी ने 100 दिवसीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान के अंतर्गत पहला एक्स-रे कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
100 दिवसीय स्क्रीनिंग अभियान शुरू
इस अभियान के तहत अगले 100 दिनों तक जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर नियमित शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संभावित टीबी मरीजों की जांच कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के लक्ष्यों को प्राप्त करना है। इस अभियान के दौरान हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन की सहायता से संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिससे रोग की शीघ्र पहचान कर उपचार प्रारंभ किया जा सके।
निक्षय मित्र देंगे पोषण सहयोग
टीबी मरीजों के उपचार के दौरान पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए ‘निक्षय मित्र’ बनाए जाएंगे, जो मरीजों को पोषण किट प्रदान करेंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित हाई रिस्क आबादी की नियमित स्क्रीनिंग की जाएगी, ताकि संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके। कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह, यूपीएचसी प्रभारी डॉ. हरिओम पाठक, कार्यक्रम समन्वयक यामिनी अवस्थी, लेखाधिकारी मुकेश, एसटीएस पवन शर्मा, एसटीएलएस जितेंद्र शर्मा, डीईओ मेघश्याम शर्मा, रेडियोग्राफर सोनवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, समय पर जांच कराएं और टीबी से बचाव सुनिश्चित करें।