Loading...

सर्पदंश को लेकर चिकित्सा विभाग सतर्क, समय पर उपचार से बच सकती है जान

Gargachary Times 25 March 2026, 19:26 92 views
Dholpur
धौलपुर: जिले में सर्पदंश (स्नेक बाइट) की संभावित घटनाओं को देखते हुए चिकित्सा विभाग ने आमजन से जागरूक व सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि समय पर उचित उपचार मिलने पर सर्पदंश के अधिकांश मामलों में पीड़ित की जान बचाई जा सकती है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा ने बताया कि सांप प्रायः खेतों या छोटे जीवों की तलाश में निकलते हैं और इस दौरान मनुष्यों के संपर्क में आने पर सर्पदंश की घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि सर्पदंश के बाद शुरुआती 30 मिनट से 1 घंटा अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान यदि पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिया जाए तो जान बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के झाड़-फूंक, टोटका या अंधविश्वासों में न पड़ें, बल्कि तुरंत नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), उप जिला अस्पताल या जिला अस्पताल लेकर जाएं। चिकित्सा विभाग ने बताया कि जिले के सभी सरकारी चिकित्सा संस्थानों में विष-रोधी इंजेक्शन (एंटी स्नेक वेनम) पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे सर्पदंश का प्रभावी उपचार किया जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, सर्पदंश से शरीर में विष फैलने पर पक्षाघात जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही घातक हो सकती है। चिकित्सा विभाग ने आमजन से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता और समय पर उपचार ही सर्पदंश से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
Follow Samachar24