11 हजार वोल्ट का तार गिरा, आलू से भरे ट्रैक्टर में मची तबाही
Gargachary Times
25 March 2026, 20:38
136 views
Agra
आगरा, फतेहाबाद: फतेहाबाद क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन अचानक आलू से भरे ट्रैक्टर पर गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर में लदे आलू के कट्टे धू-धू कर जल उठे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर में करीब पांच मजदूर सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। हालांकि इस घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिजली का तार गिरते ही ट्रैक्टर में आग लग गई और देखते ही देखते आलू के कट्टे जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, वरना जानमाल का भारी नुकसान हो सकता था।
यह पूरा मामला थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फिरोजाबाद बाईपास स्थित कैलादेवी स्टोरेज के पास का बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।