तिरंगा फाउंडेशन ने ताजनगरी में निकाली 7वीं तिरंगा यात्रा
Gargachary Times
15 August 2025, 21:44
257 views
Agra
तिरंगा फाउंडेशन की ओर से भारत विकास परिषद् ब्रज प्रान्त के सहयोग से स्वतंत्रता दिवस सुबह की 7वीं विशाल तिरंगा यात्रा फतेहाबाद रोड स्थित अमर होटल तिराहे से निकाली गयी। यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे और फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद के चेयरमैन पूरन डावर ने यात्रा को हरी झंडी दिखा कर किया।
संस्थापक भोला पंडित ने बताया कि यात्रा में भारत माता की छवि के साथ हज़ारो की संख्या में दो पहिया, चार पहिया वाहनों के माध्यम से तिरंगा यात्रा निकाली गयी। जिसमे शहर के सैकड़ो की संख्या में प्रबुद्धजन ने कदम से कदम मिला कर हिस्सा लिया। मुख्य आकर्षण के रूप में जेवर से आयी शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता झांकी और 121 फीट लम्बा तिरंगा झंडा रहा। पूरा मार्ग कैप्टन शुभम गुप्ता अमर रहे के नारे से गूंजता रहा।
संरक्षक एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि यात्रा अमर होटल से शुरू होकर ताज व्यू तिराहा, होटल मुग़ल, कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन, बसई पुलिस चौकी, सेल्फी पॉइंट, तौरा, होटल जेपी, कलाल खेरिया, केएनसीसी होते हुए कुआँखेड़ा फतेहाबाद रोड स्थित शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता स्मृति स्थल पर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में कलाकारों ने सेना की वर्दी में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की शहादत का प्रदर्शन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा में शहर की दो दर्जन से अधिक सामाजिक संस्थाओ के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।