डीएम ने सदर तहसील का किया वार्षिक निरीक्षण
Gargachary Times
30 March 2026, 21:18
84 views
Mathura
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सोमवार को तहसील सदर का वार्षिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम तहसील सदर परिसर में नवनिर्मित प्याऊ का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा दीप प्रज्जवलित किया। उन्होंने स्वयं पानी पिया तथा कहा कि उप जिलाधिकारी सदर/ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन द्वारा किए गए उक्त कार्य से सभी आगंतुकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल मिलेगा। प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य और मानवता की सबसे बड़ी सेवा माना जाता है। भीषण गर्मियों में ठंडा पानी मिलने से राहत मिलती है।
तहसील सदर में वृक्षारोपण।
प्याऊ उद्घाटन के पश्चात जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील सदर के परिसर में स्थित पार्क में माेलश्री का पौधा लगाया। उन्होंने कहा के आगामी वर्षों में उक्त पौधा बड़ा होगा और वृक्ष का रूप लेगा, जो सभी को छाया प्रदान करेगा तथा तहसील आने वाले फरियादियों को इसके नीचे बैठने का स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधे को सुरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को अधिकाधिक वृक्षारोपण करने हेतु प्रोत्साहित किया।
प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो वितरण।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं उप-जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 04 बी0एल0ओ0, 03 कंप्यूटर ऑपरेटरों तथा 08 तहसील सदर के लेखपालों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। उक्त कर्मचारियों द्वारा पूर्ण निष्ठा, दृढ़ता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने कार्यों का निर्वहन किया गया तथा विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
तहसील सदर निरीक्षण।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील सदर के अभिलेखागार, तहसीलदार कक्ष, नायब नाजिर कक्ष तथा सम्पूर्ण तहसील परिसर का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन को नियमित निरीक्षण एवं अभिलेखों का अवलोकन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान विभिन्न रजिस्टरों का गहनतापूर्वक अवलोकन किया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।