थाना प्रभारी से मिले किसान संघ के कार्यकर्ता, समस्याओं के समाधान की मांग
Gargachary Times
15 July 2025, 20:41
79 views
Bulandshahr
बुलंदशहर के नरसेना क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को थाना नरसेना पहुंचकर थाना प्रभारी रितेश कुमार सिंह से वार्ता की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ समय से फसलों की चोरी, ट्यूबवेल की मोटर चोरी और पशुओं की चोरी जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे किसानों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है।
किसानों का कहना है कि खेतों में खड़ी फसलें सुरक्षित नहीं हैं। रात्रि में असामाजिक तत्व खेतों में पहुंचकर फसलों को काट ले जाते हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने यह भी बताया कि कई मामलों में थाने पर सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से मांग की कि ग्रामीण अंचलों में रात्रि गश्त को बढ़ाया जाए। इसके अलावा, जिन मामलों की शिकायतें पहले से दर्ज हैं, उन पर त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो संगठन स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने यह भी सुझाव दिया कि पुलिस प्रशासन ग्रामीणों से लगातार संवाद बनाकर रखे, ताकि समय रहते घटनाओं को रोका जा सके। संवाद की कमी के कारण कई बार पीड़ित पक्ष न्याय से वंचित रह जाता है। थाना प्रभारी रितेश कुमार सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा। पुलिस द्वारा रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा सभी लंबित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द कार्यवाही की जाएगी। वार्ता के दौरान भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष ठाकुर शिव कुमार गौड़, जिला मंत्री चौधरी वीरेंद्र गुर्जर, रामबाबू शर्मा, भोजपुरी राघव, सतपाल राघव, चेतन, जगमाल जी, जगजीत भाई, संजू और खंड अध्यक्ष राजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहें।