फिरोजाबाद में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 1122 वाहनों के चालान, 6 वाहन सीज — बिना हेलमेट और प्रेशर हॉर्न वालों पर कसा शिकंजा
Gargachary Times
3 April 2026, 20:50
108 views
Firozabad
फिरोजाबाद यातायात नियमों को सख्ती से लागू कराने के उद्देश्य से फिरोजाबाद में ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत आज शुक्रवार को यातायात पुलिस ने शहरभर में व्यापक चेकिंग की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर का इस्तेमाल करने वाले, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले और तीन सवारी बैठाकर चलने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1122 वाहनों का चालान किया, जबकि 06 वाहनों को सीज कर दिया गया।
इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें,
हेलमेट का प्रयोग करें और अनावश्यक हॉर्न या मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।