मंडलायुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक ने संपूर्ण समाधान दिवस टूंडला में सुनी जनसमस्याएं
Gargachary Times
4 April 2026, 20:24
10 views
Firozabad
टूंडला । मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप और पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने जनपद फिरोजाबाद के तहसील टूंडला में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं व शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को उचित निस्तारण व कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इस दौरान मण्डलायुक्त ने विगत समधान दिवस में प्राप्त हुए प्रकरणों के निस्तारण की समीक्षा की। साथ ही, जिन प्रकरणों का पूर्ण निस्तारण नहीं हुआ, उस सम्बन्ध में अधिकारियों से सवाल जबाव तलब किए एवं सभी प्रकरणों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम जाजपुर निवासी वीरेन्द्र सिंह ने भूमाफियाओं द्वारा बाहुबल से प्रार्थी की जमीन हड़पकर कब्जा करने की शिकायत करते हुए भूमाफियाओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की। इस पर मंडलायुक्त ने उपजिलाधिकारी टूंडला को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
कच्चा टूंडला निवासी महेश चन्द्र द्वारा विपक्षी गण के खिलाफ मकान का लेंटर नहीं डालने देने एवं आने जाने हेतु एकमात्र रास्ते पर कूड़ा डालकर रास्ता अवरूद्ध किए जाने की शिकायत की गई। वहीं, शांति दत्त शर्मा ने अपने घर के सामने ठेल ढकेल लगाकर जबरन अवैध अतिक्रमण किए जाने की शिकायत की। जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को शिकायतों के संबंध में उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
ग्राम मोहम्मदाबाद निवासी रामदास द्वारा फर्जी बैनामे के माध्यम से उनकी भूमि का विक्रय किए जाने की शिकायत रखी गई। जगनपुर बेला निवासी प्रीती देवी द्वारा उनकी भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत पर उपजिलाधिकारी टूंडला को उचित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
ग्राम मोहम्मदाबाद निवासी प्रेमपाल द्वारा एनएचएआई द्वारा बनाए गए पक्के नाले की सफाई न होने के कारण गांव में गंदा पानी भर जाने एवं गंदगी फैलने की शिकायत की गई। जिस पर मंडलायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारी को नाले की सफाई किए जाने के निर्देश दिए।
ग्राम छिकाऊ निवासी सत्यवीर सिंह ने दबंग ग्राम प्रधान के वित्तीय अनियमितताओं एवं मनरेगा प्रकरण में कई बार दोषी पाए जाने के बावजूद उसके खिलाफ कार्यवाही नहीं होने की शिकायत की गई। बीडीओ टूंडला को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश दिए।
नागऊ निवासी प. शिव दृष्टि रावत ने ग्यारह हजार केवी विद्युत स्टेशन से परिवर्तक को जोड़े जाने का निवेदन किया। जिससे, उपभोक्ता के घरों तक विद्युत लाइन डालकर विद्युत आपूर्ति की जा सके। जिस पर मंडलायुक्त द्वारा एसडीओ हाइडल को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।