मक्खनुपर थाना क्षेत्र में हाईवे पर खड़े लोडर से टकराया ट्रक, ट्रक चालक की मौत
Gargachary Times
4 April 2026, 20:26
11 views
Firozabad
फिरोजाबाद जनपद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। हाईवे पर खड़े पाइप से लदे एक लोडर वाहन में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई. ट्रक राजस्थान का था जिसमें लकड़ी लदी हुई थी.
आपको बतादें कि हाईवे किनारे एक लोडर वाहन पाइप लादकर गांव इंदरई के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान आगरा से शिकोहाबाद की ओर जा रहे ट्रक ने लोडर वाहन में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मक्खनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और सड़क किनारे खड़ा भारी वाहन माना जा रहा है. प्रदेश में इस तरह के हादसे लगातार सामने आ रहे हैं, जहां सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकराकर कई लोगों की जान जा चुकी है।