फिरोजाबाद हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर सवार एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल
Gargachary Times
6 April 2026, 09:49
131 views
Firozabad
फिरोजाबाद जनपद के थाना रामगढ़ क्षेत्र में हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शाती पुल से पहले अज्ञात वाहन की टक्कर से ट्रैक्टर सवार दो लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर भरतपुर से सिरसागंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान शाती पुल से पहले हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर सवार दिनेश उर्फ भूरे (उम्र करीब 45 वर्ष) निवासी नगला वोना, जिला मैनपुरी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, हादसे में समुंदर पुत्र हरीराम (उम्र करीब 40 वर्ष), निवासी गांव फर्मपुर, तहसील नदबई, जिला भरतपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची हाईवे एंबुलेंस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं मृतक के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।