चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
8 April 2026, 19:40
63 views
Kanpur
कानपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव आयोग भाजपा से मिला हुआ है। मतदाताओं के वोट काटने की साजिश हो रही है। मतदाताओं का वोट काटकर भय पैदा किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के पीडीए प्रहरियों ने फर्जी दस्तखत से वोट कटवाने वालों को पकड़ा लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बुधवार को कानपुर के एक दिवसीय दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर कानपुर को अपनी पहचान दिलाने क लिए कानपुर-इटावा-कन्नौज को ट्रेड ट्राइंगल के रूप में विकसित किया जाएगा। कानपुर की लाल इमली कारखाना को चलाया जाएगा। लाल इमली कारखाना, लाल टोपी वाले ही चला सकते है। हम कानपुर के विकास को गति देंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने कानपुर में विकास के बहुत काम किये थे। कानपुर में मेट्रो रेल बनाया। पनकी में बिजली कारखाना, घाटमपुर में निवेली लिग्निाइट बिजली कारखाना, अमूल प्लांट समेत कई कारखाने समाजवादी सरकार ने दिये हैं। ये सब कारखाने समाजवादी सरकार की औद्योगिक नीति के तहत आये थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर रोजगार उद्योग, कारखानों, रिसर्च के मामले आगे हैं। समाजवादी इसे और आगे ले जाएगी। कानपुर में नदियों का बुरा हाल है। भाजपा सरकार ने नदियों में गंदगी और ज्यादा फैला दी है। भाजपा सरकार ने नदियों की सफाई का झूठा वादा किया था। नदियों की सफाई का आया बजट का बंदरबांट हो गया। नदियों की सफाई नहीं हुई।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, बेईमानी और लूट के सारे रिकार्ड तोड दिए है। कुछ समय पहले कोडीन सिरप का अवैध कारोबार और भ्रष्टाचार हो रहा था। इधर कानपुर में किडनी कांड चर्चा में है। भाजपा सरकार में अवैध कारोबार बढ़ता जा रहा है। इस सरकार में लोगों की किडनी निकाल ली जा रही है। गरीब अस्पतालों में जाने से डरने लगा है। भाजपा सरकार में हर कार्य में भ्रष्टाचार है। निर्माण कार्यों में कमीशनखोरी हो रही है। जब हर कार्य में कमीशन ली लाएगी तो गुणवत्ता कैसे रहेगी। बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे समेत प्रदेश की कई सड़कें ऐसी है जो उद्घाटन के साथ ही उखड़ और धंस गयी।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। मुख्यमंत्री जी और प्रधानमंत्री जी के क्षेत्रों में खुलेआम गोलियां चल रही है, हत्याएं हो रही है। एनसीआरबी का आंकड़ा बताता है कि यूपी में महिलाएं-बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। बेटियों के साथ हर दिन अपराध की घटनाएं हो रही हैं। यूपी में कोई भी सुरक्षित नहीं है। यूपी में हर दिन गांजा पकड़ा जा रहा है। इस समय धुंआ-धुआंधर चल रहा हैं लगता है आने वाले समय में ओटीटी पर गांजागंज और धुंआ-धुआधार जैसी फिल्में आ जाएंगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में शिक्षामित्रों को 40 हजार रुपये वेतन मिलता था। इस सरकार ने नौ साल तक शिक्षामित्रों को धोखा दिया है। हम मारा। अब मानदेय बढ़ाया तो भी समाजवादी सरकार से 22 हजार रूपये कम है। भविश्य में शिक्षामित्रों को समाजवादी सरकार ही न्याय और सम्मान दिला सकती हैं इसके साथ ही समाजवादी सरकार इस सरकार से पीड़ित अन्य नौजवानों को भी सम्मान दिलाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद कर दिया। अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। न दवाई मिल रही, न जांच हो पा रही है। गरीब मरीजों को जो इलाज सस्ते में मिल जाना चाहिए, उसके लिए दर-दर भटक रहे हैं। अपनी जमीन और खेत बेच कर जमा पूंजी निकाल कर प्राइवेट में इलाज कराने पर मजबूर है। समाजवादी सरकार आने पर गरीबों का मुफ्त इलाज होगा। इलाज के लिए गरीबों का कोई पैसा नहीं लगेगा। भाजपा सरकार हटेगी तो जनता के बुरे दिन खत्म हो जाएंगे।