ब्लॉक सभागार कोंच में प्रशिक्षण कार्यक्रम, ‘सीएम युवा योजना’ से जोड़ने की पहल
Gargachary Times
8 April 2026, 19:41
50 views
Jalaun
कोंच,जालौन: जिले के कोंच ब्लॉक सभागार में बुधवार दोपहर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सामुदायिक कैडरों के लिए सामुदायिक प्रबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उधमिता विकास संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, खंड विकास अधिकारी प्रशांत कुमार, जिला उद्योग केंद्र के असिस्टेंट कमिश्नर हेमन्त कुमार, सहायक प्रबंधक शरद सिंह, एम-फेलो भूपेंद्र पाल तथा शशिकांत बबेले सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। इनके अलावा बैंक सखी, आजीविका सखी और बीसी सखी भी प्रशिक्षण में शामिल रहीं।
प्रशिक्षण के दौरान आजीविका सखियों को निर्देशित किया गया कि वे बीएमएम सचिवों के साथ गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दें और उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
इस ऋण की सहायता से ग्रामीण ट्रैक्टर, ट्रॉली, आटा चक्की, तेल चक्की, मसाला चक्की जैसे स्वरोजगार के साधन स्थापित कर सकते हैं। प्रशिक्षण में महिलाओं को यह भी समझाया गया कि वे अधिक से अधिक लोगों के आवेदन करवाएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।
अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के अंत में समूह की महिला सदस्य सुमन, रजनी देवी, द्रोपती, कमलशी, रामवती और आरती सहित सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को सफल बनाया।