डिप्टी सीएम और कृषि मंत्री ने आपदा प्रभावित जनपदों का किया हवाई सर्वेक्षण
Gargachary Times
9 April 2026, 20:45
54 views
Lucknow
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इस सप्ताह आई असामयिक वर्षा, तेज हवाओं और चक्रवात के कारण किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान का जायजा लेने के लिए राज्य सरकार ने त्वरित कदम उठाए हैं। इसी क्रम में प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री बृजेश पाठक और माननीय कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही ने आपदा से सर्वाधिक प्रभावित विभिन्न जनपदों का सघन हवाई सर्वेक्षण किया। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
माननीय उप मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री द्वारा बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, फतेहपुर, उन्नाव तथा लखनऊ जनपदों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान स्पष्ट किया गया कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए कटिबद्ध है। फसल नुकसान की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और किसानों को तत्काल राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इन सभी जनपदों के जिला प्रशासन को विस्तृत सर्वेक्षण करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
हवाई सर्वेक्षण के उपरांत आजमगढ़ तथा फतेहपुर जनपदों में स्थिति की जमीनी हकीकत परखने के लिए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठकें भी आयोजित की गईं। इन बैठकों में संबंधित जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान फसल सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे पूरी तत्परता के साथ आपदा प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वेक्षण कार्य शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कर शासन को अपनी विस्तृत आख्या प्रेषित करें, ताकि प्रभावित अन्नदाताओं को अविलंब राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके।