क्यूब रूट फाउंडेशन ने मेधावी छात्राओं को दी छात्रवृत्ति, IPS जयबिंद कुमार गुप्ता ने बांटे चेक
Gargachary Times
10 April 2026, 21:45
76 views
Mathura
मथुरा: शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्यूब रूट फाउंडेशन द्वारा रविवार को रेन्चोक होटल टाउनशिप में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजकीय हाईस्कूल सैंवा और राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परखम से चयनित कुल चार मेधावी छात्राओं को 10-10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति चेक प्रदान किए गए।
विशेष बात यह रही कि पुरस्कार वितरण मथुरा के एएसपी एवं आईपीएस अधिकारी श्री जयबिंद कुमार गुप्ता जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा ही समाज की असली ताकत है। बेटियां पढ़-लिखकर न सिर्फ अपना बल्कि पूरे परिवार और देश का नाम रोशन करती हैं।
राजकीय हाईस्कूल सैंवा से चयनित छात्राओं में कुमारी अलका पुत्री श्री रामेश्वर जी और कुमारी मोनिका शर्मा पुत्री श्री निरंजन लाल शर्मा शामिल हैं। वहीं राजकीय कन्या इंटर कॉलेज परखम से कुमारी गौरी पाठक पुत्री श्री विष्णु पाठक और खुशबू पुत्री श्री सोनू को यह सम्मान मिला। चेक प्राप्त कर सभी छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
क्यूब रूट फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभावान छात्राओं को आर्थिक मदद देकर उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। चयन मेरिट और आर्थिक स्थिति के आधार पर किया गया।
कार्यक्रम में स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और आईपीएस जयबिंद कुमार गुप्ता जी का आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।