दो बसों की भीषण भिड़ंत, दुकानों में घुसीं बस, कई घायल
Gargachary Times
11 April 2026, 20:37
91 views
Firozabad
शिकोहाबाद के मैनपुरी चौराहे पर सुबह दो बसों के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसें अनियंत्रित होकर चौराहे पर दुकानों और खोखों में जा घुसीं। इस हादसे में कई यात्री घायल हुए हैं और दुकानों को भारी नुकसान पहुँचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भिड़ंत के बाद बसें डिवाइडर तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गईं, जिससे वहां रखे खोखे चकनाचूर हो गए और उनमें रखा सामान सड़क पर बिखर गया। गनीमत रही कि उस समय खोखों के पास ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से हटवाकर थाने पहुँचाया और यातायात सुचारू कराया। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर बढ़ते अतिक्रमण और अवैध दुकानों को इस हादसे का बड़ा कारण बताया है।