सिरसागंज में पार्किंग में भीषण आग, तीन गाड़ियां जलकर खाक, दो दर्जन वाहन बाल-बाल बचे
Gargachary Times
11 April 2026, 20:38
106 views
Firozabad
फिरोजाबाद। नगर के मुख्य बाजार स्थित एक पार्किंग स्थल में शनिवार को अचानक लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर पार्किंग में खड़ी तीन गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि समय रहते करीब दो दर्जन वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पार्किंग में धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीएफओ सत्येंद्र कुमार पांडे ने बताया कि दमकल की टीम ने समय रहते पहुंचकर आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया और अन्य वाहनों को बचा लिया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पार्किंग स्थल पर कबाड़ का काम भी किया जाता था। आशंका जताई जा रही है कि पहले कबाड़ में आग लगी, जो तेजी से फैलते हुए वहां खड़े वाहनों तक पहुंच गई।
घटना के बाद बाजार क्षेत्र में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।