Loading...

जमीनी विवाद में दो पक्षों में भिड़ंत, थार-बोलेरो में तोड़फोड़, तीन युवक गिरफ्तार

Gargachary Times 12 April 2026, 19:47 103 views
Bharatpur
जमीनी विवाद में दो पक्षों में भिड़ंत, थार-बोलेरो में तोड़फोड़, तीन युवक गिरफ्तार
भरतपुर । बयाना थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच रविवार को जमकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ, जिसमें मौके पर खड़ी थार जीप और बोलेरो गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति भंग के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार रोशन और रामेश्वर पक्ष के बीच खेत पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि रामेश्वर पक्ष के लोग हथियारों के साथ खेत पर पहुंचे और वहां बनी पाटौर तथा बोरवेल को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। झगड़े के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव किया और लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे मौके पर खड़ी थार और बोलेरो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। साथ ही समय सिंह और श्याम सिंह तथा हेमसिंह को हिरासत में लेकर शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवक पुलिस के सामने भी आक्रामक व्यवहार कर रहे थे और धमकियां दे रहे थे। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
Follow Samachar24