Loading...

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम

Gargachary Times 12 April 2026, 19:51 138 views
Firozabad
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
फिरोजाबाद। जनपद के थाना जसराना क्षेत्र के मटियारी सराय गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से 17 वर्षीय किशोर सोनू पुत्र गिरीश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल भी फैल गया। बताया जाता है कि किशोर खेतों की ओर गया हुआ था, तभी अचानक वह नीचे लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जहां बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सड़क पर लगाया जाम घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे थे, जिसकी शिकायत कई बार विभाग से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने यह भी गंभीर आरोप लगाए कि तारों को ठीक कराने के नाम पर विद्युत विभाग के कर्मचारी पैसे की मांग करते हैं, जिसके चलते समस्या जस की तस बनी रहती है और ऐसे हादसे होते रहते हैं। जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम जसराना और सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद प्रशासन ने जाम खुलवाया और हालात को नियंत्रित किया। सीओ जसराना प्रेम प्रकाश पांडे ने मीडिया को बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने का है। संबंधित विभाग से भी जानकारी ली जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते लटकते तारों को ठीक कर दिया जाता, तो आज एक परिवार का चिराग नहीं बुझता। ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Follow Samachar24