कूढ़े के ढेर में एक माह पूर्व लगी आग आज तक नही बुझी, धुऐं में नरकीय जीवन जीने को विवश स्थानीय लोग
Gargachary Times
12 April 2026, 19:52
131 views
Firozabad
शिकोहाबाद के मैनपुरी रोड स्थित टंचिंग ग्राउंड पर एक महीने पहले लगे कूड़े के विशाल ढेर में आग लगने के बाद से स्थानीय लोगों का जीवन दूभर हो गया है। लगातार उठ रहे जहरीले धुएं ने आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को गंभीर परेशानी में डाल दिया है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन इस ओर कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कूड़े के ढेर में लगी आग धीरे-धीरे सुलग रही है, जिससे दिन-रात धुआं निकल रहा है। इस धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात बेहद खराब हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पालिका से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतों के बावजूद न तो आग बुझाने के लिए कोई प्रयास किया गया और न ही कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था की गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धुएं के कारण घरों के अंदर भी रहना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों को मजबूरी में अपने घरों से बाहर समय बिताना पड़ रहा है। वहीं, क्षेत्र में फैल रही दुर्गंध ने स्थिति को और भी बदतर बना दिया है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर पालिका और प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या पर ध्यान देता है और स्थानीय लोगों को इस नरकीय जीवन से राहत दिलाता है।