भैंसों को ज़हर देने की साजिश नाकाम, ग्रामीणों ने पकड़ा संदिग्ध युवक
Gargachary Times
18 August 2025, 21:14
122 views
Mathura
गोवर्धन क्षेत्र के अंतर्गत अडींग रामपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक युवक को भैंसों के पास संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक पशुओं को ज़हर देने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और युवक को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को ग्रामीणों से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा तलाशी के दौरान युवक के पास से एक मोबाइल फोन और संदिग्ध पदार्थ बरामद हुआ है। जब पुलिस ने मोबाइल की जांच की, तो उसमें 14 गांवों की एक सूची मिली, जिससे ग्रामीणों और पुलिस दोनों के बीच गंभीर चिंता पैदा हो गई है। यह आशंका जताई जा रही है कि यह घटना किसी सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है। पकड़े गए युवक की पहचान एक मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति के रूप में बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अब तक उसका नाम या कोई अन्य विवरण सार्वजनिक नहीं किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ जारी है, और जल्द ही मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।