अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने दी सुरक्षा की विस्तृत जानकारी
Gargachary Times
14 April 2026, 20:34
74 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने हेतु मंगलवार को अग्नि सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद ने किया। इस दौरान उन्होंने आग से बचाव एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए आमजन से सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) सत्येंद्र पांडे एवं अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) दुर्गेश त्यागी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
एसपी सिटी ने कहा कि अधिकांश आग की घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं, जिन्हें थोड़ी सी सावधानी बरतकर रोका जा सकता है। उन्होंने घरेलू, औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि समय-समय पर उनकी जांच और रखरखाव बेहद जरूरी है।
सीएफओ ने बताया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता अभियान, मॉक ड्रिल और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को आग लगने की स्थिति में त्वरित और सही प्रतिक्रिया देने के लिए प्रशिक्षित किया जा सके। एफएसओ ने भी आमजन को आग से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।