Loading...

महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया आयाम: आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ का शुभारंभ

Gargachary Times 17 April 2026, 09:26 2 views
Agra
महिला सशक्तिकरण की दिशा में नया आयाम: आगरा एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ का शुभारंभ
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद आगरा स्थित एयरपोर्ट पर ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ का विधिवत फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर जनपद के मा० जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियो की गरिमामयी उपस्थिति रही । ‘ब्रज उदय – प्रेरणा सरस शॉप’ का संचालन आस्था प्रेरणा संकुल स्तरीय संघ (CLF), मलपुरा, विकास खंड अकोला, आगरा द्वारा किया जा रहा है। यह पहल भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के सहयोग से स्थापित की गई है, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए सशक्त विपणन मंच उपलब्ध कराना है। उपमुख्यमंत्री ने शॉप का अवलोकन कर स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्यों से संवाद किया तथा उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने स्वयं एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ उत्पादों की खरीदारी कर महिलाओं का उत्साहवर्धन भी किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अभिनव एवं प्रेरणादायी कदम है, जो ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को इस शॉप के और अधिक विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। इस शॉप में ब्रज एवं आगरा क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पाद जैसे— सॉफ्ट टॉय/खिलौने, जरी उत्पाद, कान्हा जी के वस्त्र, गुड़िया, पर्स, जूट उत्पाद एवं पारंपरिक हस्तनिर्मित वस्तुएं (कुरेसिया) विक्रय हेतु उपलब्ध हैं। शॉप के इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश आस्था प्रेरणा (CLF) द्वारा किया गया है। यह केंद्र न केवल स्थानीय महिला उद्यमियों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि आगरा एयरपोर्ट पर आने वाले देश-विदेश के यात्रियों को भारतीय ग्रामीण हस्तशिल्प एवं उत्पादों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा। यह पहल ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगी और प्रदेश के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी।
Follow Samachar24