Loading...

फरह में बेटियों के लिए बड़ी पहल: 18 अप्रैल को पीएम श्री कन्या इंटर कॉलेज में लगेगा विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप, आत्मरक्षा प्रशिक्षण भी मिलेगा

Gargachary Times 17 April 2026, 09:27 5 views
Mathura
फरह। फरह क्षेत्र की महिलाओं और छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए पीएम श्री पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, फरह एक बड़ी पहल करने जा रहा है। 18 अप्रैल 2026 को विद्यालय परिसर में दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज की 'शक्ति सोसाइटी' के सहयोग से 'नारी सेतु भारत अभियान' के तहत वृहद ग्रामीण सहायता शिविर का आयोजन होगा। शिविर का मुख्य आकर्षण पूर्णतः निशुल्क मेडिकल कैंप होगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। स्त्री रोग विशेषज्ञ किशोरियों और महिलाओं को परामर्श देंगे। स्तन कैंसर स्क्रीनिंग के जरिए प्रारंभिक लक्षणों की जांच की जाएगी। साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी। स्वास्थ्य के साथ-साथ सुरक्षा और जागरूकता पर भी फोकस रहेगा। छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे किसी भी परिस्थिति का सामना कर सकें। भविष्य की चुनौतियों के लिए डिजिटल साक्षरता सत्र भी आयोजित होगा। ग्रामीण महिलाओं को सुकन्या समृद्धि योजना जैसी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। खाद्य सुरक्षा व स्वच्छता पर भी जागरूक किया जाएगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य नम्रता बिरोलिया ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां और महिलाएं अक्सर स्वास्थ्य जांच से वंचित रह जाती हैं। इसी को देखते हुए यह कैंप लगाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र की सभी बहनों और बेटियों से अपील की है कि 18 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाएं।
Follow Samachar24