आमजन की शिकायतों का अविलम्ब और प्राथमिकता के साथ करें निस्तारण-जिला कलेक्टर
Gargachary Times
17 April 2026, 20:11
144 views
Dholpur
धौलपुर: जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में डीओआईटी के वीसी कक्ष में किया गया। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों की नियमित मॉनिटरिंग की जाये। सभी परिवादों का निस्तारण हेतु फॉलोअप किया जाये। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान लंबित चल रहे दर्ज प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करते हुए समय पर रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें जिससे परिवादी की समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने समस्त जिला एवं उपखंड स्तरीय अधिकारियों को हिदायत दी कि वे आमजन से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अविलम्ब और प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करें तथा उनके निस्तारण के संबंध में की गयी कार्यवाही की सूचना भी परिवादी को देना सुनिश्चित करें।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जनसुनवाई के दौरान खातेदारी की जमाबंदी में नाम सही करवाने, रास्ते का अतिक्रमण हटवाने, भूमि के अतिक्रमण हटवाने, अवैध कब्जा हटवाने, पीएम सम्मान निधि की किस्त दिलवाने, राजस्व, सहित अन्य प्रकरण प्राप्त हुए जिनका शीघ्र निस्तारण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। इस दौरान सर्तकता समिति में दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की गई एवं प्रकरणों का निस्तारण किया गया। परिवादी रंजीत सिंह वार्ड नंबर 22 राजाखेड़ा ने रास्ते के अतिक्रम हटवाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया जिस पर उन्होंने तहसीलदार राजाखेड़ा को मौका देखकर त्वरित कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण हटवाने के लिए निर्दशित किया। परिवादी अमृतलाल पुत्र लाचारीलाल धनौरा रोड बाड़ी द्वारा जमाबंदी में नाम शुद्ध करवाने का परिवाद प्रस्तुत किया जिस पर उन्होंने तहसीलदार बाड़ी को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देश दिए। परिवादी मनीराम पुत्र मटरे राम द्वारा पेंशन में लैंगिक अशुद्धि को शुद्ध करवाने के लिए निवेदन किया। जिस पर उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश देते हुए मौके पर ही परिवादी की समस्या का निस्तारण किया। वहीं करुआ पुत्र श्यामालाल नादौली द्वारा पीएम सम्मान निधि की बकाया किस्तों के सम्बन्ध में परिवाद प्रस्तुत किया। वन्दना पत्नी भागीरथ द्वारा डिलीट राशन कार्ड को पुनः चालू करवाने के लिए परिवाद प्रस्तुत किया जिस पर जिला कलेक्टर ने रसद अधिकारी को निर्देश देते हुए मौके पर ही राशन कार्ड चालू करवाते हुए परिवादी को राहत पहुचाई। जिला जन अभाव अभियोग सतर्कता समिति में दर्ज 6 प्रकरणों में से 2 प्रकरणों का निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान की गई। जनसुनवाई के दौरान उपखंड अधिकारी कर्मवीर सिंह सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।