युवक की होटल में बनाई वीडियो, ब्लैकमेल कर ऐंठे रुपये, फर्जी इंस्टा अकाउंट से न्यूड वीडियो वायरल, पिता ने लगाई न्याय की गुहार
Gargachary Times
18 April 2026, 20:03
151 views
Mathura
फरह। थाना फरह क्षेत्र के गांव नगला तांगर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक को प्रेमजाल में फंसाकर होटल बुलाया गया, आपत्तिजनक वीडियो बनाई गई और फिर ब्लैकमेल कर कई बार रुपये ऐंठे गए। धमकी और वसूली का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 3 अप्रैल को आरोपी ने युवक के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर न्यूड वीडियो अपलोड कर दी, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा तार-तार हो गई।
पीड़ित युवक तेजवीर के पिता भजन लाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। भजन लाल ने बताया कि साईं मंदिर नगला पदी, दयालबाग रोड, थाना न्यू आगरा निवासी मौना कुशवाह पुत्री प्रीतम सिंह ने सुनियोजित तरीके से उनके बेटे को प्रेमजाल में फंसाया। होटल बुलाकर सहयोगियों से आने-जाने की वीडियो बनवाई और फिर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। मौना व उसके परिजन शादी का दबाव बनाकर बार-बार रुपये मांगते रहे।
पिता का आरोप है कि मांग पूरी न करने पर बेटे और पूरे परिवार को झूठे बलात्कार के केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इससे परिवार दहशत में है। हद तब हो गई जब मौना ने गांव के कुछ अज्ञात युवकों के साथ मिलकर 3 अप्रैल को तेजवीर के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया और आपत्तिजनक वीडियो अपलोड कर दी।
थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल की मदद से फर्जी अकाउंट और आरोपियों की जांच की जा रही है। जल्द सख्त कार्रवाई होगी।