Loading...

कथावाचक मृदुल कांत शास्त्री के समर्थन में उतरा वाल्मीकि समाज, प्रदर्शन कर जताया विरोध

Gargachary Times 19 April 2026, 19:06 95 views
Mathura
कथावाचक मृदुल कांत शास्त्री के समर्थन में उतरा वाल्मीकि समाज, प्रदर्शन कर जताया विरोध
वृंदावन । कथावाचक मृदुल कांत शास्त्री के साथ दिल्ली के श्रद्धालुओं द्वारा की गई अभद्रता और मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना के विरोध में शनिवार को वाल्मीकि समाज के लोग लामबंद होकर शास्त्री जी के समर्थन में सड़क पर उतर आए। समाज के लोगों ने विद्यापीठ चौराहे के समीप एकत्रित होकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में जानकारी देते हुए आकाश भारती ने कहा कि मृदुल कांत शास्त्री जी हमेशा से वाल्मीकि समाज का सम्मान करते आए हैं और हर सुख-दुख में हमारे साथ खड़े रहते हैं। दिल्ली के श्रद्धालुओं द्वारा उनके साथ की गई बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आज हमने सांकेतिक प्रदर्शन किया है, लेकिन यदि आवश्यकता पड़ी तो हम भविष्य में बड़े स्तर पर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। वहीं प्रदर्शनकारी मीरा ने बताया कि मृदुल कांत शास्त्री जी बहुत अच्छे इंसान हैं। वह गरीब बच्चियों की शादी करवाते हैं, उनके साथ हुई घटना बहुत ही गलत है। गौरतलब है कि पिछले दिनों दिल्ली से आए कुछ श्रद्धालुओं और कथावाचक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद मारपीट की खबरें सामने आई थीं। वाल्मीकि समाज के इस खुले समर्थन के बाद अब इस मामले ने सामाजिक और राजनीतिक मोड़ ले लिया है। इस मौके पर आकाश भारती, शंकर, अर्जुन, लालू, मुन्ना, दीपक, अंकित, करण, पीतम, प्रेम खरे, श्याम बाबा, मीरा, मुन्नी आदि मौजूद रहे।
Follow Samachar24